शराब दुकान स्थापित भूमि मालिक किसान ने भी कलेक्टर एवं आबकारी विभाग को शराब दुकान न खोलने दिया आवेदन

पाटन। नगर पालिका अमलेश्वर अंतर्गत खुड़मुड़ा मार्ग में शराब दुकान खोले जाने के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित क्षेत्रवासियों द्वारा किए जा रहे लगातार विरोध और धरने के बाद आखिरकार प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। शराब दुकान प्रारंभ करने के उद्देश्य से मौके पर लाई गई शराब की पेटियों को प्रशासन द्वारा वापस ले जाया गया है। इसे क्षेत्रवासियों की एकजुटता, उनके शांतिपूर्ण आंदोलन और कांग्रेस के सतत संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत माना जा रहा है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत अमलेश्वर खुड़मुड़ा रोड में शराब दुकान खोले जाने की तैयारी का क्षेत्रवासी लंबे समय से विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों की स्पष्ट असहमति के बावजूद प्रशासन द्वारा दोबारा दुकान प्रारंभ करने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठकर शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया। उनके साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी आंदोलन में शामिल हुए और एकजुट होकर अपनी मांग पर डटे रहे।
इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहल उस किसान द्वारा भी की गई, जिसके खेत पर शराब दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही थी। किसान ने स्वयं दुर्ग कलेक्टर एवं आबकारी विभाग को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी जमीन पर शराब दुकान नहीं खोले जाने का निवेदन किया था। किसान की लिखित आपत्ति और ग्रामीणों के व्यापक विरोध के बीच प्रशासन द्वारा शराब की पेटियों को वापस ले जाना आंदोलन का सकारात्मक परिणाम है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि नगर पालिका अमलेश्वर क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी एकजुटता और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण होती है। जब किसी गांव के लोग एक स्वर में किसी निर्णय का विरोध कर रहे हों, तो सरकार और प्रशासन को उनकी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। शराब की पेटियों का वापस जाना ग्रामीणों के संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने शुरुआत से ही क्षेत्रवासियों की मांग को अपना समर्थन दिया और उनके साथ धरना स्थल पर खड़े होकर आवाज बुलंद की। यह किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के जागरूक ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और किसान की सामूहिक लड़ाई है। जनता की एकजुटता के सामने प्रशासन को अपना कदम पीछे खींचना पड़ा है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। अमलेश्वर क्षेत्र में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को पूरी तरह निरस्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को दोबारा इस तरह के विरोध और आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने इस संघर्ष में एकजुट होकर साथ देने वाले समस्त क्षेत्रवासियों, किसान एवं आंदोलनकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनता की एकता और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। क्षेत्र की जनता ने अपनी आवाज बुलंद की और उस आवाज को अनसुना करना प्रशासन के लिए संभव नहीं रहा।






