पाटन। पाटन ब्लॉक के अनेक शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों में इस माह खाद्यान्न का आबंटन नहीं पहुंचने से हितग्राही परेशान हैं। पिछले माह राशन वितरण के बाद इस माह का आबंटन नहीं आने के कारण राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न के लिए भटकना पड़ रहा है।

सबसे अधिक परेशानी उन हितग्राहियों को हो रही है, जिन्होंने हाल ही में अपने राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्यों के नाम जुड़वाए हैं। नाम जुड़ने के बावजूद उन्हें नए सदस्यों के हिस्से का राशन नहीं मिल पा रहा है। वहीं कई नए हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायत भी सामने आ रही है।
हितग्राही जब राशन लेने उचित मूल्य की दुकानों में पहुंचते हैं तो उन्हें आबंटन नहीं आने का हवाला देकर वापस लौटा दिया जाता है। इसके चलते बड़ी संख्या में हितग्राही अपनी समस्या लेकर जनपद पंचायत पहुंच रहे हैं। जनपद पंचायत में लगातार हितग्राहियों की भीड़ पहुंच रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में आ रही इस समस्या से गरीब परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद खाद्य विभाग की ओर से अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
पाटन ब्लॉक की अनेक राशन दुकानों में एक जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे में हितग्राही खाद्य विभाग से जल्द खाद्यान्न का आबंटन जारी करने और नए हितग्राहियों सहित सभी पात्र परिवारों को पूरा राशन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।





