पाटन।।दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक में दूध और पनीर की प्रोसेंसिंग यूनिट में खाद्य विभाग ने छापेमारी की है। आशंका है कि फैक्ट्री में नकली दूध और पनीर बनाया जा रहा है। खाद्य विभाग की टीम ने बड़े पैमाने पर दूध, पनीर, दूध पाउडर, यूरिया, केमिकल और ऑयल जब्त किया है। खाद्य अधिकारियों का कहना है कि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फूड सेफ्टी अधिकारी क्षीर सागर पटेल ने बताया कि उन्हें बुधवार रात सूचना मिली थी कि पाटन के देमार गांव में नकली दूध और पनीर बनाया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की मदद से देर रात छापेमारी की। इसके बाद टीम गुरुवार सुबह 11 बजे तक यहां कार्रवाई करती रही। जानकारी के मुताबिक टिन के डिब्बों में फूड ऑयल, यूरिया और केमिकल पाया गया। प्रोसेसिंग यूनिट के संचालक नावेद खान ने बताया कि वह दूध पाउडर सेल करते हैं। जो केमिकल और डिटर्जेंट मिला है, उससे प्रोसेसिंग यूनिट की सफाई की जाती है। खाद्य विभाग की टीम ने पूरे स्टोर रूम को सील कर दिया है।








