पंडरिया।स्वर्णा लेडीज ग्रुप पंडरिया के तत्वावधान में रविवार को जैन धर्मशाला में तीज उत्सव का आयोजन किया गया। पंडरिया में पहली बार तीज उत्सव के अवसर पर आयोजित पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य एवं मनोरंजक गेम्स के साथ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रसंगिना साधु, मेडिकल ऑफिसर कुकदुर, डॉ. हीना पारख, संचालक पारख हॉस्पिटल पंडरिया, डॉ. अक्विला कौसर एवं डॉ. जागृति कांत उपस्थित रहीं। वहीं प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉ. अनुश्री पाठक, रायपुर एवं रेनू तिवारी, बेमेतरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्णा लेडीज ग्रुप की अध्यक्ष मीनू छाबड़ा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। डॉ. प्रसंगिना साधु ने आयोजन के लिए स्वर्णा लेडीज ग्रुप को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में जागरूकता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

डॉ. हीना पारख ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए स्वर्णा लेडीज ग्रुप द्वारा किया जा रहा कार्य समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी ग्रुप को उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव उनके साथ खड़ी रहेंगी।

रैंप वॉक और प्रश्नोत्तरी ने बढ़ाया रोमांच–
पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता में रैंप वॉक सहित विभिन्न चरण आयोजित किए गए। प्रश्नोत्तर राउंड में निर्णायकों ने प्रतिभागियों से तीज पर्व एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े सवाल पूछे। सभी प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और आकर्षक पारंपरिक परिधानों के साथ अपनी प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में कामिनी जोशी ने प्रथम, सरोज तिवारी ने द्वितीय तथा शशि तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं राधिका गुप्ता, निधि श्रीवास्तव एवं सीमा केशरवानी ने भी अपने श्रृंगार और पारंपरिक अंदाज से सभी का मन मोह लिया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मिस समृद्धि शर्मा ने क्लासिकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं मिस रागिनी एवं शिक्षा पाठक की नृत्य प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।
गेम्स में भी महिलाओं ने दिखाया उत्साह–
उत्सव के दौरान आयोजित मनोरंजक गेम्स में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें आस्था तिवारी प्रथम, सीमा केशरवानी द्वितीय एवं नीलम श्रीवास्तव तृतीय रहीं।
कार्यक्रम का संचालन उमा पाठक ने किया तथा आभार प्रदर्शन गुंचा सलूजा के द्वारा किया गया । कार्यक्रम में स्वर्णा लेडीज ग्रुप के प्रमुख सदस्य स्मृति श्रीवास्तव, छाया सिंह ठाकुर, रश्मि श्रीवास्तव, प्रीती लूथरा एवं नीतू भट्ठ सहित नगर औऱ आसपास की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
स्वर्णा लेडीज ग्रुप का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं को अपनी संस्कृति, प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ महिला जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दे गया।






