बारिश में जर्जर मकान में रहने की मजबूरी,बड़ा हादसा होने का खतरा

संजय साहू

अण्डा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तिरगा के वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाले चैतराम निषाद एवं जगौती बाई का मकान अत्यंत जर्जर स्थिति में है। मकान रहने योग्य नहीं होने के बावजूद परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
परिवार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था और ऑनलाइन प्रक्रिया भी पूरी की थी, लेकिन उनका नाम अब तक पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल नहीं हुआ। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार जर्जर मकान में रहने को विवश है।


लगातार हो रही बारिश के बीच मकान की स्थिति और भी खराब हो गई है। तेज बारिश के कारण मकान की एक दीवार आधी गिर चुकी है, जबकि शेष हिस्सा भी कभी भी ढह सकता है। मकान के छप्पर पर केवल झिल्ली डाली गई है, जिससे बारिश का पानी पूरे घर में भर गया है। ऐसे हालात में परिवार भय के साये में जीवन यापन कर रहा है।
इस संबंध में उपसरपंच सूखितराम ढीमर ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। वहीं गौवतार बाई ढीमर दुखितराम ढीमर( पति) (वार्ड क्रमांक 8) ने भी मकान की खराब स्थिति की जानकारी दी।
ग्राम में यह जर्जर मकान अब किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बारिश के इस मौसम में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।