पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेलौदी में फैले कै-दस्त मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel मंगलवार को गांव पहुंचे। बेलौदी उनका गृह ग्राम है। उन्होंने गांव में बनाए गए स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर पीड़ित मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली तथा मरीजों को दिए जा रहे उपचार और व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री ने गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
भूपेश बघेल मृतक सरस्वती निषाद के घर भी पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि बेलौदी गांव में सोमवार से कै-दस्त के 50 से अधिक मरीज सामने आए हैं। वर्तमान में कई मरीजों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह में चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लगातार जांच और उपचार किया जा रहा है।







