सेलूद के पूर्व उपसरपंच तारेन्द्र  बंछोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक की लहर, आत्महत्या का कारण अज्ञात

पाटन। ग्राम सेलूद के पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर का शव चारबाँधा तालाब पार स्थित मंदिर परिसर में एक पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे का कारण फिलहाल अज्ञात है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना से सेलूद सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।