पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने परिवार सहित किए माँ बम्लेश्वरी के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज सहपरिवार जिला राजनांदगांव स्थित प्रसिद्ध डोंगरगढ़ माँ बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन किए।

श्री साहू ने अपने परिवार जनों के साथ माँ बड़ी बम्लेश्वरी एवं माँ छोटी बम्लेश्वरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि माँ बम्लेश्वरी समस्त छत्तीसगढ़ वासियों की आस्था का केंद्र हैं और नवरात्रि में यहाँ दर्शन मात्र से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। माँ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं मंगल बना रहे, यही प्रार्थना है।

दर्शन के दौरान मंदिर ट्रस्ट समिति एवं परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री साहू से आत्मीय भेंट की।