राजनांदगांव। विधानसभा क्षेत्र से दो बार के विधायक व अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री रहे वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी की तबियत बिगड़ गई है। एक दिन पहले उन्हें एमएमआइ रायपुर में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी हालत खतरे में बताई जा रही है। लगभग 85 वर्ष के भोजवानी वर्तमान में राजनांदगांव से विधायक पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के प्रतिनिधि हैं।
जनसंघ के समय से राजनीति कर रहे भोजवानी चार बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। दो बार उन्हें सफलता मिली। 1990-92 तक वे पटवा सरकार में श्रम राज्यमंत्री थे। भाजपा के दिग्गज नेताओं अटल बिहारी वाजपेई व लालकृष्ण आडवाणी के करीबी माने जाने वाले भोजवानी कई वर्षों तक सत्ता और संगठन में सक्रिय रहे। रमन सरकार में उन्हें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम (नान) का चेयरमैन भी बनाया गया था। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से वे सक्रिय राजनीतिक से थोड़ी दूर हैं।
