पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने शहीद निरीक्षक विनोद कुमार ध्रुव को दी श्रद्धांजलि

नगरी/सिहावा,बेलरगांव।सिहावा की पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने 12 जुलाई 2009 को मदनवाड़ा नक्सल हमले में शहीद हुए ग्राम आमगांव के वीर सपूत निरीक्षक विनोद कुमार ध्रुव को उनकी शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि 12 जुलाई 2009 को राजनांदगांव जिले के मदनवाड़ा में हुए नक्सली हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार चौबे सहित 29 पुलिस जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस दौरान निरीक्षक विनोद कुमार ध्रुव ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए नक्सलियों से वीरतापूर्वक मुकाबला किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने शहीद विनोद कुमार ध्रुव सहित सभी अमर वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।