पाटन में 13 अगस्त और गाड़ाडीह में 14 अगस्त को लगेगा निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर


पाटन।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला स्वास्थ्य समिति दुर्ग एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में 13 अगस्त 2026 को एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह में 14 अगस्त को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों में कैंसर की समय पर पहचान, जांच, परामर्श एवं आवश्यकतानुसार आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन डॉ. बी. कठौतिया ने बताया कि कैंसर का समय पर पता लगने पर उपचार के बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से शिविर में विभिन्न प्रकार के कैंसर की प्रारंभिक जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण होने पर जांच को टालें नहीं और शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं परामर्श का लाभ लें।

शिविर में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं

शिविर में बालको मेडिकल सेंटर की मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन के माध्यम से विभिन्न जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे। इनमें—स्तन कैंसर की जांच – मैमोग्राफी द्वारा,मुख एवं मुंह के कैंसर की जांच – ब्रश साइटोलॉजी द्वारा,बच्चों के मुंह की कैंसर संबंधी जांच,बीपी की जांच,ब्लड शुगर की जांच, बीएमआई की जांच

कैंसर रोग विशेषज्ञ द्वारा विशेषज्ञ परामर्श
संदिग्ध पाए जाने वाले मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन
शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. यामिनी पद्माकर बाविस्कर एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, द्वारा मरीजों को परामर्श प्रदान किया जाएगा।

इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्य विभाग पाटन बीएमओ डॉ बी कठौतिया द्वारा बताया गया कि निम्न में से कोई लक्षण लगातार बना रहने पर चिकित्सकीय जांच कराना आवश्यक है—
स्तन में गांठ या असामान्य बदलाव,असामान्य रक्तस्राव,मुंह में लंबे समय से कोई घाव/छाला,मुंह में सफेद या लाल चकत्ता,मुंह खोलने या निगलने में परेशानी,आवाज में लगातार भारीपन,लंबे समय से लगातार खांसी,बिना स्पष्ट कारण वजन कम होना,भूख में लगातार कमी,बार-बार बुखार या संक्रमण
शरीर के किसी हिस्से में असामान्य गांठ या सूजन,मल या मूत्र त्याग की आदतों में बदलाव,महिलाओं में मासिक धर्म चक्र में असामान्य बदलाव अथवा असामान्य रक्तस्राव।
डॉ. कठौतिया ने कहा कि इन लक्षणों का होना कैंसर की पुष्टि नहीं करता, लेकिन ऐसे लक्षणों की समय पर चिकित्सकीय जांच आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, पुरुषों एवं अभिभावकों से अपील की कि संदिग्ध लक्षणों को नजरअंदाज न करें।