रानीतराई। शासकीय आयुर्वेद औषधालय रानीतराई-निपानी द्वारा ग्राम औंसर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

शिविर के दौरान ग्रामीणों की रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर 50 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर शिविर का लाभ उठाया।

शिविर में डॉ. नेमा वर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार एवं स्वस्थ दिनचर्या के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं योग प्रशिक्षक कुमारी ओकेश्वरी साहू ने योग एवं नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पीटीएस पंकज भी उपस्थित रहे।

शिविर के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत औंसर-डिघारी की सरपंच प्रियालता महिपाल का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।






