पंडरिया। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेहुटाखुर्द में बुधवार को एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक भावना बोहरा द्वारा संचालित ‘मोबाइल हेल्थ पैथ लैब’ के माध्यम से लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।

शिविर के दौरान सजगता दिखाते हुए 130 से अधिक ग्रामवासियों ने अपना निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। इस आधुनिक मोबाइल वैन में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ग्रामीणों की अलग-अलग जांचें की गईं और उन्हें सेहत के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।
20 से अधिक प्रकार की जांचें उपलब्ध
विधायक भावना बोहरा की इस अनूठी पहल के तहत संचालित मोबाइल हेल्थ पैथ लैब में 20 से अधिक प्रकार के गंभीर और सामान्य परीक्षणों की आधुनिक सुविधा उपलब्ध है। इस लैब के माध्यम से उन ग्रामीणों को सबसे ज्यादा राहत मिल रही है, जिन्हें जांच के लिए दूर शहरों या जिला अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते थे।
पूरे विधानसभा क्षेत्र को मिल रहा लाभ
गौरतलब है कि यह मोबाइल हेल्थ पैथ लैब केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि एक तय रूट चार्ट के अनुसार पंडरिया नगर सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र और जिले के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में लगातार पहुंच रही है। दूरस्थ अंचलों में घर-पहुंच सेवा के जरिए लोगों को मिल रहे इस निःशुल्क इलाज और जांच सुविधा की ग्रामीण काफी सराहना कर रहे हैं। शिविर को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।






