नगरी /सिहावा, बेलरगांव।संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपाराम ठाकुर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत NPCDCS कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत भवन मुजगहन में निःशुल्क चिकित्सा एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में आयुष चिकित्सक डॉ. जयालता साहू, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक उत्प्रेक्षा सिन्हा तथा फार्मासिस्ट टाकेश्वर सिन्हा द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में कुल 54 रोगी लाभान्वित हुए। इस दौरान ग्रामीणों की रक्तचाप (BP) एवं मधुमेह (ब्लड शुगर) की निःशुल्क जांच की गई।

जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को गैर-संचारी रोगों के कारण, लक्षण, जोखिम कारक एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार, उचित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।






