जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर-भरर में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्था, जामगांव आर के सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं से परिचित कराते हुए नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि “नशे से मुक्ति ही विकास की कुंजी है। नशामुक्ति की राह मुश्किल अवश्य है, लेकिन असंभव नहीं।” उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे की लत से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बी.के. मीना दीदी, बी.के. विद्या दीदी एवं भाई संजय कुमार ने अत्यंत शांत एवं मधुर वातावरण में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने जीवन में नशे के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं तथा इसके व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ, संयमित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा न करने तथा अपने परिवार एवं साथियों को भी नशे की लत से दूर रखने की शपथ ली। सभी ने मिलकर समाज के उत्थान एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रार्थना की तथा स्वयं जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। महाविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम शांत, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







