दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 400 यूनिट तक की खपत पर बिजली बिल हाफ किए जाने संबंधी भूपेश बघेल सरकार के फैसले को अब बदलकर भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता पर एक और बोझ डाल दिया है।
नया आदेश
छत्तीसगढ़ ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब केवल 100 यूनिट तक के बिजली बिल में ही बिजली बिल आधा का प्रावधान कर दिया गया है, जो 1 अगस्त 2025 से लागू भी कर दिया गया है। इससे पहले भूपेश बघेल सरकार ने 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा जमा करने का आदेश दिया था।
कांग्रेस का विरोध
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को ठगने के नए-नए हथकंडे अपनाती है। श्री ठाकुर ने सवाल किया कि छत्तीसगढ़ में बिजली का उत्पादन सरप्लस है, तो इसका लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को आखिर क्यों नहीं मिल रहा?
बिजली बिल हाफ योजना का लाभ
जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश सरकार थी, उस समय बिजली बिल हाफ योजना प्रारंभ किया गया था, जिससे आम जनता में हर्ष का माहौल था। भूपेश बघेल सरकार ने 65 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत दी थी। लेकिन अब भाजपा सरकार ने इस योजना को बदलकर 100 यूनिट तक बिजली में ही बिजली बिल आधा का प्रावधान कर दिया है, जिससे उपभोक्ताओं को दोगुना बिजली बिल भरना होगा।







