‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत दुर्ग (ग्रामीण) जिले में मंडलस्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का शुरुवात

दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिलेभर में मंडलस्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रमों का शुरुवात किया गया।
इसी कड़ी में आज जिले के दो मंडलों में जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल कांग्रेस कमेटी हथखोज, भिलाई-चरोदा के तत्वावधान में उमदा चौक तथा मंडल कांग्रेस कमेटी चरोदा के तत्वावधान में काली मंदिर रोड, चरोदा के समीप जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महापौर निर्मल कोसरे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मताधिकार है। यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। आज देशभर में मतदाता सूची, चुनावी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्ष भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इन सवालों को जनता के बीच ले जाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनजागरण कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता के बजाय सत्तारूढ़ भाजपा के प्रति पक्षपात दिखाई दे रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त और भाजपा के बीच सांठगांठ को लेकर जो सवाल विपक्ष और आम जनता उठा रहे हैं, उनका जवाब देश की जनता के सामने आना चाहिए। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था किसी भी राजनीतिक दल के प्रभाव से मुक्त होकर कार्य करे, यही लोकतंत्र की बुनियादी अपेक्षा है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि जब चुनाव कराने वाली सर्वोच्च संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर ही प्रश्न उठने लगें, तब उसकी जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो जाता है। कांग्रेस की मांग है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, मतदाताओं के नाम काटे जाने और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो, चुनावी अनियमितताओं से जुड़े सवालों का सार्वजनिक जवाब दिया जाए तथा निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन बिना किसी राजनीतिक दबाव के करे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों के मद्देनजर कांग्रेस उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और संवैधानिक मर्यादाओं को लेकर लगातार चिंताएं सामने आ रही हैं। लोकतंत्र केवल पांच साल में एक बार मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मतदाता का विश्वास, निष्पक्ष चुनाव, स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं और विपक्ष की आवाज का सम्मान भी शामिल है। यदि जनता के वोट की ताकत को कमजोर करने का प्रयास होता है, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध करेगी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 11 से 15 नवंबर 2026 तक जिले के सभी 39 मंडल कांग्रेस कमेटियों के तत्वावधान में अलग-अलग स्थानों पर मंडलस्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। मताधिकार की सुरक्षा, मतदाता सूची की पारदर्शिता, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मंडलस्तरीय कार्यक्रमों के सफल आयोजन के पश्चात अभियान को बूथ स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव, मोहल्ले, पंचायत और बूथ तक पहुंचकर लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। जनता की समस्याओं, सुझावों और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों को भी सुना जाएगा, ताकि इस अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम न बनाकर व्यापक जनभागीदारी का आंदोलन बनाया जा सके।
राकेश ठाकुर ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ केवल कांग्रेस पार्टी का अभियान नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा का संकल्प है। देश की जनता ने अपने वोट से सरकार चुनने का अधिकार हासिल किया है और इस अधिकार की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संकल्प के साथ जनता के बीच पहुंचेगा कि किसी भी परिस्थिति में मतदाता की आवाज और उसके वोट की ताकत को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) द्वारा इस अभियान को चरणबद्ध तरीके से मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संचालित करने की व्यापक तैयारी की गई है। जिले के सभी 39 मंडलों में कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से
अधिक नागरिकों को जोड़ने तथा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस दौरान निर्मल कोसरे, सुजीत बघेल, श्रीकांत वर्मा, अशोक देशलहरा, विनोद, नोहर सिंह ठाकुर, टिपेश साहू, रमन्ना, हैदर, संदीप सिंह, मनीष वर्मा, कमलेश साहू सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।






