गंडई : मरदकठेरा में 14 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का हुआ समापन…35 महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण

गंडई।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले गंडई क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक शाला मरदकठेरा में आयोजित 14 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 01 मई से 14 मई 2026 तक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य शासन की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित कर आत्मनिर्भर बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना, MSME योजनाएं, वित्तीय प्रबंधन, ऋण योजनाएं एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने व्यवसाय प्रारंभ करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने महिलाओं को उद्यम स्थापित करने से लेकर उसे सफलतापूर्वक संचालित करने तक आने वाली चुनौतियों एवं संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कुल 35 महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने साबुन निर्माण, बड़ी एवं पापड़ निर्माण जैसे लघु उद्यमों के प्रति विशेष रुचि दिखाई। सामूहिक चर्चा एवं फीडबैक सत्र में प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक प्रायोगिक (Practical) सत्र शामिल करने की मांग की।
समापन अवसर पर Choice Consultancy Services Pvt. Ltd.⁠� की ओर से सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल गंडई ब्लॉक छुईखदान से बीपीएम नरेश कोमरे, एसी फिरदौस खान एवं पीआरपी मालती साहू का विशेष योगदान रहा।