पंडरिया के गांधी चौक में लगता है घंटों जाम, बाई पास सड़क की आवश्यकता

राजकुमार सिंह ठाकुर

पंडरिया । नगर के गांधी चौक में प्रतिदिन घंटो जाम लगती है,जिसके चलते आवागमन प्रभावित होता है।मुख्य सड़क पर जाम लगने के कारण नगरवासी सहित बाहर से आने-जाने वाले लोगों को घंटो तक जाम में फंसना पड़ जाता है।मुख्य रूप से गांधी चौक से कवर्धा मार्ग पर स्टेट बैंक तक जाम रहता है।इसमें हॉस्पिटल जाने वालों सहित स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।गांधी चौक से स्टेट बैंक तक सड़क किनारे खड़े वाहन से आधी सड़क बंद हो जाती है,वहीं गन्ने से भरे ट्रेक्टर गुजरने व सामने से वाहन आ जाने पर जाम लग जाती है।जिसके कारण लोग परेशान हो रहे हैं।इस जाम से निजात पाने के लिए नगर से बाई पास सड़क बनाये जाने की आवश्यकता है,किन्तु लंबे समय से मांग होने के बावजूद बाईपास सड़क नहीं बन पा रही है।अब उक्त सड़क के नेशनल हाइवे में स्थानांरित हो जाने पर बाई पास सड़क बनने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्वीकृति के लिए भेजा गया है-

नेशनल हाइवे क्रमांक .में मुंगेली से पोंडी में बाई पास के लिए शासन को प्रपोसल भेजा गया है।स्वीकृति मिलने के बाद बाई पास का निर्माण हो सकेगा।नगरवासियों को अभी बाई पास के लिए कम से कम दो वर्ष तक और इंतजार करना पड़ सकता है।राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंता रूपेन केरकेट्टा से पुछने पर उन्होंने बताया कि पण्डरिया बाई पास के लिए प्रपोसल भेजा गया है,जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।

नगर पर करने कोई दूसरा मार्ग नहीं-

बिलासपुर से कवर्धा या अन्य जगह जाने के लिए नगर को पार कर जाना पड़ता है।नगर को पार करने के लिए गांधी चौक होकर गुजरना पड़ता है।कवर्धा या बिलासपुर से आने-जाने वालों को इस जगह से गुजरना ही पड़ता है।कोई दूसरा वैकल्पिक मार्ग भी नहीं है,जिसके कारण परेशानी अधिक होती है।