Ganesh Uike Encounter : ओडिशा के कंधमाल में मुठभेड़, 6 नक्सली मारे गए ..चार राज्यों का मोस्टवांटेड एक करोड़ का इनामी नक्सली गणेश उडके ढेर



जगदलपुर
नक्सलियों का रणनीतिक चाणक्य माना जाने वाला गणेश उडके सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ ओडिशा के कंधमाल जिले के जंगलों में हुई। मुठभेड़ के दौरान 5 साथियों के साथ कुल 6 नक्सली मारे गए।
मारे गए नक्सली संगठन में शीर्ष नेतृत्व में शामिल थे। गणेश उडके छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सक्रिय था। उस पर कुल 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। वह कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
साल 2017 में 73 नक्सलियों की मौत
बीजापुर के जंगलों में 73 नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया गया था। तब गणेश नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य था। उसने पर्चा जारी कर इन मुठभेड़ों में शामिल 5 साथियों के मारे जाने की पुष्टि की थी।
अप्रैल 2021 में सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर 400 से ज्यादा जवानों को घेरने की योजना बनाई गई थी। इसमें 22 जवान शहीद हुए थे। इस बीच संगठन के भीतर गणेश पर गद्दारी के आरोप भी लगे थे।
घटना स्थल पर पड़ा गणेश उडके का शव

चार राज्यों की आतंकी गतिविधियों में शामिल गणेश का नाम लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में था। 2017 में ओडिशा सरकार ने उस पर इनाम घोषित किया था।
शाह बोले – नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
एनकाउंटर के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे अभियान में नक्सलियों का सफाया किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद का समूल नाश किया जाएगा।
इधर, सर्विस राइफल से जवान ने खुद को मारी गोली
नारायणपुर। इन्द्रावती एरिया में तैनात एक जवान ने गुरुवार सुबह अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जांच जारी है।