पाटन। दुर्ग–पाटन मार्ग पर सेलूद और पाटन के बीच फोरलेन सड़क पर अवैध रूप से संचालित गैरेज और सड़क पर खड़े भारी वाहनों के कारण आवागमन में गंभीर परेशानी हो रही है। हाइवा और अन्य बड़े वाहनों को आधी सड़क पर खड़ा कर उनकी मरम्मत की जा रही है, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा बाधित हो रहा है और वाहन चालकों को ओवरटेक करने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।
विशेष रूप से सेलूद में राइस मिल के सामने पाटन रोड पर स्थिति और अधिक खराब हो गई है। यहां सड़क के किनारे भारी वाहनों को खड़ा कर मरम्मत का काम किया जा रहा है, जिसके कारण लगातार जाम जैसी स्थिति बन रही है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
वहीं पाटन नगर में स्टेट बैंक से लेकर बीएसएनएल ऑफिस तक सड़क के आधे हिस्से पर गैरेज संचालकों का कब्जा बना हुआ है। सड़क किनारे खड़े ट्रक, हाइवा और अन्य वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा आम लोगों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन लोकनिर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर हो रहे इस अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और लोगों को राहत मिल सके।







