लडुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में गरबा महोत्सव, लोकसंस्कृति की दिखी अनूठी झलक

पंडरिया। ब्लाक के ग्राम लडुवा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में गरबा महोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न समूहों में आकर्षक गरबा प्रस्तुतियाँ देकर भारतीय लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, लयबद्ध नृत्य और शानदार तालमेल ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने सामूहिक गरबा प्रस्तुत कर एकता एवं सहयोग का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट डांसर’ एवं ‘बेस्ट कॉस्ट्यूम’ श्रेणियों में प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।


इस अवसर पर विद्यालय प्रभारी अमित कुमार अहलावत ने अपने संबोधन में गरबा के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं, विद्यार्थी परिषद ने आयोजन के समन्वय, व्यवस्थाओं और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उत्साह, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक सहभागिता से परिपूर्ण यह गरबा महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, एकता और सामूहिक भावना को प्रोत्साहित किया।