पंडरिया।नवरात्रि के अवसर पर नगर में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक लोकनृत्य की अनुपम छटा बिखेरने के लिए स्वर्णा लेडीज ग्रुप पंडरिया द्वारा तीन दिवसीय गरबा गुंजन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 12, 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। यह आयोजन पी.एम. श्री आत्मानंद विद्यालय मैदान, पंडरिया में आयोजित होगा। महोत्सव को लेकर नगरवासियों, महिलाओं एवं युवतियों में विशेष उत्साह है।

महोत्सव के तीनों दिन अलग-अलग अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन समिति द्वारा धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के साथ प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।गरबा के प्रथम दिवस विधायक भावना बोहरा उद्घाटन करेंगी।
महोत्सव का शुभारंभ 12 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे से होगा। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा होंगी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पंडरिया की अध्यक्ष नंदनी साहू तथा नगर पालिका परिषद पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला कुर्रे उपस्थित रहेंगी।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों के स्वागत-सम्मान के साथ नवरात्रि की आराधना, माता की महाआरती एवं गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागी अपनी कला एवं ऊर्जा से आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।

महोत्सव के दूसरे दिन, 13 अक्टूबर 2026 को कबीरधाम जिले की जिला कलेक्टर तुलिका प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
इस दिन भी गरबा नृत्य, धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने की तैयारी की गई है।
महोत्सव का समापन 14 अक्टूबर 2026 को भव्य रूप से किया जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि संतोष पाण्डेय, सांसद, राजनांदगाँव क्षेत्र होंगे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद संतोष पाण्डेय जी की उपस्थिति के साथ धर्मजीत सिंह, विधायक तखतपुर की अध्यक्षता रहेगी।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाज सेविका रेखा पाण्डेय , गोपाल साहू ,समाज सेवक एवं होटल इंटर सिटी बिलासपुर के संचालक सुरेन्द्र छाबड़ा तथा ब्राह्मण समाज भाठापारा जिला के अध्यक्ष शरद भृगु उपस्थित रहेंगे।
समापन दिवस पर गरबा प्रस्तुतियों, भव्य झांकी, महाआरती एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महोत्सव का समापन किया जाएगा।
प्रोफेशनल गरबा प्रशिक्षण देंगे अभय सर–
गरबा गुंजन महोत्सव को विशेष एवं आकर्षक बनाने के लिए प्रोफेशनल डांस कोरियोग्राफर एवं गरबा प्रशिक्षक अभय सर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी गरबा नृत्य की विभिन्न शैलियों, ताल एवं नृत्य की बारीकियों का अभ्यास कर रहे हैं।
आयोजन में महिलाओं एवं बालिकाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत कर सकें और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ सकें।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षण
तीन दिवसीय गरबा गुंजन महोत्सव में प्रतिदिन महाआरती, भव्य झांकी, भंडारा एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। प्रतिभागियों के लिए प्रोफेशनल फोटोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगा।
आयोजन समिति द्वारा प्रतिभागियों एवं आगंतुकों की सुरक्षा, सम्मान तथा सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजन का उद्देश्य नवरात्रि की धार्मिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा एवं लोकनृत्य को बढ़ावा देना है।
स्वर्णा लेडीज ग्रुप की विशेष पहल–
स्वर्णा लेडीज ग्रुप पंडरिया की अध्यक्ष मीनू छाबड़ा व संयोजक उमा पाठक के नेतृत्व में स्मृति श्रीवास्तव, गुंचा सलूजा,रश्मि श्रीवास्तव, नीतू भट्ठ, छाया सिंह ठाकुर, नियति जायसवाल, निमिता सिंह ठाकुर, नीलम श्रीवास्तव, निशा शर्मा ,गुरजीत कौर,कामिनी जोशी और अन्य सभी सदस्याएँ आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। समूह द्वारा समय-समय पर महिला जागरूकता, सामाजिक सेवा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।
गरबा गुंजन महोत्सव के माध्यम से नगर में सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक एकता एवं धार्मिक उत्साह को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति ने नगरवासियों से महोत्सव में सहभागी बनकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।







