गरबा गुंजन महोत्सव : नारी शक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य उत्सव, पंडरिया में तीन दिवसीय गरबा गुंजन महोत्सव का ऐतिहासिक समापन

स्वर्णा लेडीज ग्रुप के तीन दिवसीय महोत्सव में 200 से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं ने लिया हिस्सा; 108 दीपों की महा-आरती, भव्य डांडिया रास और उत्कृष्ट जन-सेवा सम्मान रहे आकर्षण का केंद्र

पंडरिया।नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के स्वर्णा लेडीज ग्रुप द्वारा पी.एम. श्री आत्मानंद हाई स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य ‘गरबा गुंजन महोत्सव–2026’ का बुधवार को भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। महोत्सव में 150 से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गरबा और डांडिया रास की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक परिधानों, मधुर संगीत, माता रानी की आराधना और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।


समापन समारोह में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने स्वर्णा लेडीज ग्रुप द्वारा आयोजित महोत्सव की भव्यता, व्यवस्थाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंडरिया में इतने बड़े स्तर पर गरबा महोत्सव का आयोजन होना गर्व की बात है।


उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण स्वर्णा लेडीज ग्रुप का यह गरबा उत्सव है। पंडरिया में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम किसी महानगर से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों ने एकजुट होकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जिस उत्साह एवं भव्यता के साथ आगे बढ़ाया है, वह पूरे कबीरधाम जिले के लिए गौरव का विषय है।


सांसद श्री पांडेय ने ग्रुप की महिलाओं के समर्पण और सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वर्णा लेडीज ग्रुप के कार्यक्रमों में शामिल होना उन्हें हमेशा प्रसन्नता देता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तखतपुर विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने पंडरिया में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक उत्सव पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंडरिया उनकी जन्मभूमि है और अपनी जन्मभूमि में इस तरह का आयोजन होते देखना उनके लिए गर्व एवं आनंद का विषय है।उन्होंने कहा कि वे पिछले चार वर्षों से इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं और हर वर्ष आयोजन का स्वरूप पहले से अधिक भव्य होता जा रहा है। यह स्वर्णा लेडीज ग्रुप की महिलाओं की मेहनत, अनुशासन, लगन और सामूहिक शक्ति का परिणाम है।


डॉ. सिंह ने ग्रुप की सभी सदस्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग देने का विश्वास दिलाया। उनके अनुसार, इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को परंपराओं से परिचित कराने और महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विशिष्ट अतिथि के रूप में रेखा पांडेय एवं होटल इंटर सिटी बिलासपुर के संचालक सुरेन्द्र छाबड़ा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों ने स्वर्णा लेडीज ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।उन्होंने कहा कि स्वर्णा लेडीज ग्रुप ने संगीत, नृत्य, भक्ति और सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाकर पंडरिया में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दी है।

महिलाओं की एकजुटता, बेहतर प्रबंधन और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण इस आयोजन की विशेष उपलब्धि है।
महोत्सव ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सामूहिक इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और समर्पण से बड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किए जा सकते हैं।


सामाजिक संस्थाओं को मिला ‘उत्कृष्ट जन-सेवा सम्मान-’
गरबा गुंजन महोत्सव के समापन समारोह में पंडरिया क्षेत्र में समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं समूहों को सम्मानित किया गया।पर्यावरण समिति को नगर व क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पौधारोपण जैसे कार्यों के लिए।सीता रसोई को पंडरिया जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने तथा सेवा कार्यों के लिए।


राइस मिल एसोसिएशन को पंडरिया सामाजिक गतिविधियों और विभिन्न आयोजनों में सहयोग देने के लिए।
सिम्फनी म्यूजिकल ग्रुप पंडरिया को संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजन को सफल बनाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त पंडरिया के अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक समूहों तथा महोत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।


इस सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में निस्वार्थ सेवा, सहयोग और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए कार्य करने वाले लोगों एवं संस्थाओं के योगदान को प्रोत्साहित किया गया।
इस तीन दिवसीय महोत्सव की सफलता में स्वर्णा लेडीज ग्रुप की अध्यक्ष मीनू छाबड़ा, संयोजक एवं संचालिका उमा पाठक, स्मृति श्रीवास्तव, गुंचा सलूजा, छाया सिंह ठाकुर, नीतू भट्ट, नियति जायसवाल एवं निमिता सिंह ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इसके साथ ही विशेष सहयोगी सदस्य नीलम श्रीवास्तव, कामिनी जोशी, निशा शर्मा एवं गुरजीत कौर सहित ग्रुप की समस्त सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।