सप्ताह में 2 दिन मिल रहा पानी, सड़क पर बर्तन रखकर किया सड़क जाम

रिपोर्टर- चंद्रभान यादव

जशपुर। शहर के वार्ड क्रमांक 1 के घरों में डेढ़ साल से नियमित नहीं पहुंच रहा पानी, सुनवाई नहीं होने से नाराज लोगों का फूटा गुस्सा, काफी समझाने पर 3 घंटे बाद माने

नगर के वार्ड क्रमांक 1 में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। ये स्थिति बीते डेढ़ साल से है। बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पानी की समस्या दूर नहीं होने पर नाराज वार्डवासियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। सुबह 7 बजे वार्डवासी सभी लोग एक जगह चौक में इकठ्‌ठा हुए। जहां नाराज वार्डवासियों ने पानी दिलाने की मांग को लेकर कमदटोली मार्ग में चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में वार्ड के करीब 200 से अधिक लोग शामिल हुए।

नगरपालिका के वार्ड नंबर के लोगों का कहना कि पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की वजह से उन्हें पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि यहां स्थित टंकी से पेयजल सप्लाई की पाइप मापदंड के अनुरूप नहीं लगाई गई है। इससे फोर्स से पानी आने से पाइप फट जाती है। सीसी रोड कारपेट बिछा उसमें बैठकर वार्डवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान करीब 3 घंटे तक नारेबाजी कर विरोध जताया। वार्डवासियों ने बताया कि गर्मी में जलसंकट गहराने से समस्या और ज्यादा बढ़ गई है।

वार्ड में लोगों के घरों तक नल कनेक्शन तो लगा दिया गया है, लेकिन वहां नियमित पानी की सप्लाई नहीं की जा रही हैं। सप्ताह में केवल 2 दिन पानी दिया जाता है, वहीं 5 दिन तक फिर बंद कर दिया जा रहा है। चक्काजाम की सूचना पर नपा सीएम दीपक एक्का, तहसीलदार सुशील सेन मौके पर पहुंचे। पानी सप्लाई का आश्वासन मिलने पर 3 घंटे बाद लौट गए। पार्षद अनुज भगत ने बताया कि वार्ड के एक तिहाई हिस्से में पाइप लाइन नहीं बिछा हैं। इसके कारण लोगों को दूसरे वार्डों से पानी लाना पड़ता है। वार्ड के शिव भगत ने बताया कि पानी तो सप्ताह में केवल 2-3 दिन दिया जाता है। लेकिन हर महीने पानी का पूरा टैक्स लिया जाता है। लेट होने पर 45 रुपए एक्स्ट्रा चार्ज ले लिया जाता है।

दूसरे वार्डों से लाना पड़ता है पानी वार्ड 1 के पार्षद अनुज भगत वार्ड पार्षद ने बताया कि सप्ताह में केवल एक या दो दिन पानी की सप्लाई की जाती है। इसके बाद 5 दिन बंद कर दिया जाता था। इसके कारण पड़ोसियों के निजी ट्यूबवेल के भरोसे रहना पड़ता है, या अन्य वार्डों के कुएं से पानी लाना पड़ रहा है।

सीएमओ दीपक एक्का ने बताया कि वार्ड में पानी सप्लाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही नियमित रुप से पानी सप्लाई हो ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है। ताकि लोगों को दिक्कत न हो। तहसीलदार सुशील सेन ने बताया कि दो टंकी के बीच से पाइप कनेक्शन बिछा हुआ है। एक टंकी का पानी भरने पर ही दूसरे टंकी में पानी भरता है। इस वजह से यही दिक्कत आ रही है। इसे जल्द ही सुधार व्यवस्था बनाई जाएगी।