शब्दों को पंख और विचारों को मंच; शिक्षिका आरती ठाकुर ने विद्यालय परिवार को भेंट किया लेक्चर स्टैंड


पंडरिया।विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने, मंच का भय दूर करने और उनकी अभिव्यक्ति क्षमता के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पांडातराई में एक सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय की शिक्षिका आरती ठाकुर द्वारा अपने स्वयं के व्यय पर तैयार कराया गया आकर्षक लेक्चर स्टैंड (पोडियम) विद्यालय परिवार को भेंट किया गया।


स्कूली बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपने विचार स्पष्टता के साथ रखने का अवसर प्रदान करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। लेक्चर स्टैंड के माध्यम से अब विद्यार्थी प्रतिदिन प्रार्थना सभा, बाल सभा, वाद-विवाद, भाषण, कविता पाठ और विभिन्न शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच संचालन और संवाद कर सकेंगे।


इस अवसर पर शिक्षिका आरती ठाकुर ने कहा कि किताबों के ज्ञान के साथ-साथ बच्चों में अपनी बात निडरता और प्रभावशाली ढंग से रखने का कौशल विकसित होना बेहद आवश्यक है। एक मंच और लेक्चर स्टैंड मिलने से बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और उनकी झिझक समाप्त होती है। नवीन पाठ्य पुस्तक के कला शिक्षा पर कार्य करने के अवसर ने मुझे प्रेरित किया है।
विद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने इस रचनात्मक व प्रेरणादायी योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। नए लेक्चर स्टैंड को पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने तत्काल इसका उपयोग करते हुए अपनी प्रस्तुतियाँ भी दीं।