पाटन। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत आज नगर पंचायत पाटन के वार्ड क्रमांक 4 स्थित देवांगन समाज सामुदायिक भवन में विशेष जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन संपन्न हुआ। शिविर में नगर एवं क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी तथा लोगों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।

नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 4 अखरा की पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कुल 210 प्रकरण एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से आधे से अधिक मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक जांच एवं कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया है।
शिविर में पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भले की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सभापति एवं पार्षदगण केवल देवांगन, चंद्रप्रकाश देवांगन, संगीता धुरंधर, जीतू निर्मलकर, देवेंद्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), इंजीनियर एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण हेतु आवश्यक पहल की।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार एवं मच्छरदानी का वितरण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को शासन की प्राथमिकता बताते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।
सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा कार्यक्रम में प्रारंभ से लेकर अंतिम समय तक उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयं आमजन की समस्याओं को सुनते हुए कई जरूरतमंद लोगों के आवेदन पत्र तैयार कराने एवं संबंधित अधिकारियों तक प्रकरण पहुंचाने में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष एवं समस्त पार्षदों ने कहा कि सुशासन तिहार शासन एवं जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनकर सामने आया है, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने एवं त्वरित समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने शासन की इस पहल एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक एवं जनहितकारी प्रयास बताया।






