पाटन नगर पंचायत के आदर्श गौठान में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, नपं अध्यक्ष निक्की भाले ने की यह अहम घोषणा

पैरा दान करने वाले किसानों का मंडई मिलन समारोह में होगा सम्मान : अध्यक्ष योगेश निक्की भाले

पाटन। दीपावली पर्व के अवसर पर नगर पंचायत पाटन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। इस अवसर पर नगर पंचायत के आदर्श गौठान में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा भी शामिल हुए। यहां गौधन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्हें खिचड़ी खिलाई गई तथा सुख-समृद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आदर्श गौठान में पैरा दान करने वाले किसानों को पाटन नगर में आयोजित होने वाले मंडई मिलन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से गौठान के लिए अधिक से अधिक मात्रा में पैरा दान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से गौवंश के लिए चारे की समुचित व्यवस्था की जा सकती है। पैरा दान से गौसेवा को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की सहभागिता से गौठान व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), पार्षद, एल्डरमैन, नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।