अंडा।शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम ओडारसकरी (जिला बालोद) में सात दिवसीय विशेष शिविर का विधिवत उद्घाटन हर्षोल्लास के साथ किया गया। महाविद्यालय के चेयरमैन श्री राजनकुमार दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। उद्घाटन अवसर पर स्वयंसेवकों ने ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ के जयघोष के साथ समाज सेवा का संकल्प लिया।

ग्रामीण विकास और सामाजिक जिम्मेदारी मुख्य उद्देश्य
इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में स्वच्छता के प्रति अलख जगाना, जन-जागरूकता फैलाना, सामुदायिक सेवा करना और विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है।
अतिथियों ने बढ़ाया स्वयंसेवकों का उत्साह
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एन. मिश्रा ने शिविर की उपयोगिता और युवाओं के जीवन में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, ग्राम सरपंच श्री अनिल सोनी ने शिविर के सफल संचालन हेतु ग्राम पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में ग्राम के उपसरपंच श्री खुशाल ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष श्री चेमन सोनी, ग्रामीण सचिव श्री होरी सहित ग्राम ओडारसकरी के समस्त पंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती योगिता नशीने ने किया और अंत में सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश साहू ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।






