अंडा। फोटो। शैलदेवी महाविद्यालय अण्डा में दिनांक 12 एवं 13 दिसंबर को आयोजित द्वि–दिवसीय वार्षिक खेल–कूद प्रतियोगिता 2025–26 का शुभारंभ 12 दिसंबर को उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।
प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में श्री विजय अग्रवाल (IPS), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग तथा विशिष्ट अतिथि राजन कुमार दुबे चेयरमैन शैलदेवी एजुकेशन सोसायटी, भिलाई ने गरिमामय उपस्थित प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आत्मीय स्वागत एवं प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय की शैक्षिक–सांस्कृतिक उपलब्धियों तथा खेल प्रतियोगिता के उद्देश्य पर आधारित स्वागत भाषण से हुआ।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम–स्पिरिट एवं शारीरिक–मानसिक विकास में खेलों की महत्ता पर प्रेरक विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि मेरा सदैव से मानना रहा है जिस कार्य से खुशी मिले वही कार्य करें परंतु लक्ष्य अपनी क्षमता अनुसार ही तय करें। संघर्ष से ही सफलता प्राप्त होती है। अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति और आत्म बल के आधार पर आगे बढ़ते रहें।माता-पिता व गुरुओं के मार्गदर्शन को समझे और लॉजिकल एटीट्यूड बनाए रखते हुए अपना भविष्य निर्माण करें। इस प्रकार उन्होंने अपने सार्थक विचार व्यक्त करते हुए महाविद्यालयीन गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन को सराहते हुए उनके प्रश्नों के सार्थक उत्तर दिए।
विद्यार्थियों ने भव्य परेड के माध्यम से मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया, जिसके बाद योग एवं दर्शन संकाय के विद्यार्थियों ने शिव–धुन पर आकर्षक योगासनों की प्रस्तुति दी तत्पश्चात सभी संकायों के विद्यार्थियों द्वारा एसडीएम प्रस्तुति तथा शिक्षा संकाय द्वारा भूले–बिसरे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खेलों को नृत्य के माध्यम से पुनर्जीवित करती अद्भुत प्रस्तुति दी गई। जुंबा प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम को विशेष उत्साहपूर्ण बना दिया।
आज के खेल आयोजन का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा संयुक्त रूप से वॉलीबॉल टॉस कराकर किया गया।
प्रथम दिवस में कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, गोला फेंक, स्लो साइकिल, गोली–चम्मच, सुई–धागा, फुगड़ी दौड़ एवं टीटंगी दौड़ जैसी विविध रोचक स्पर्धाएँ आयोजित हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशिष्ट अतिथि द्वारा मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
द्वि–दिवसीय प्रतियोगिता का आगामी चरण कल 13 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न किया जाएगा।







