पंडरिया।नगर में इन दिनों रेहुटा पेट्रोल पंप के पास से रौहा तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है।जिसके निर्माण के दौरान सड़क किनारे शीशम के पेड़ की बड़ी शाखाओं को ठेकेदार के लोगों द्वारा काटा जा रहा है। पूरा देश इन दिनों भारी गर्मी से परेशान है वहीं पंडरिया में हरे पेड़ों को काटकर स्टॉपर के रूप में प्रयोग कर रहे हैं।कांक्रीट सड़क निर्माण के दौरान पास लगे शीशम की बड़ी शाखाओं को जेसीबी से तोड़कर सड़क को सुरक्षित रखने सड़क में डाला जा रहा है।जबकि इन दिनों लोग भारी गर्मी से परेशान हो रहे हैं।सड़क को सुरक्षित रखने के लिए स्टॉपर आदि की व्यवस्था नहीं है,जिसके कारण पेड़ों की बलि दी जा रही है।
अनुमति नहीं ली गई-सड़क पर लगे हरे कीमती इमारती लकड़ी वाले पेड़ो की कटाई बिना अनुमति के किया जा रहा है।जबकि आम आदमी अपने निजी पेड़ को काटने विभाग के चक्कर काटते रहते हैं।खुले आम इन कीमती हरे पेड़ों की कटाई करने को कुछ लोगों ने मना किया किंतु काम कर रहे लोगों ने नहीं माना।
कार्यवाही की मांग-बिना अनुमति हरे पेड़ों को काटने पर पर्यावरण संरक्षण समिति ने कड़ी आपत्ति की है तथा उनके वाहन जप्त कर राजसात की कार्यवाही करने की मांग की है।समिति के सदस्य मोहन राजपूत,अनुराग सिंह,गोविंद रजक, राजीव श्रीवास्तव,मुकेश कौशिक,एस एल कुर्रे सहित सभी सदस्यों ने कार्यवाही की मांग की है।







