अंडा। फोटो। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंजोरा में 24 कुण्डीय राष्ट्र–शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ के शुभारंभ हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धापूर्ण, ऊर्जायुक्त और ऐतिहासिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। गुरुकार्य, राष्ट्रभाव और सामाजिक जागरण की भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन पूरे क्षेत्र में नई चेतना और समर्पण का संचार कर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , पूर्व केबिनेट मंत्री श्रीमती रमशीला साहू जी तथा पूर्व विधायक गुंडरदेही डॉ. दयाराम साहू की गरिमामयी उपस्थिति ने मंच को विशिष्ट वैभव प्रदान किया। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच तथा ग्राम के वरिष्ठजन और स्थानीय नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और अधिक ऐतिहासिक स्वरूप दिया।
गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री के.के. विनोद जी, लोकनाथ साहू जी और हरीश गांधी जी सहित अनेक साधक–कार्यकर्तागण पूर्ण समर्पण भाव से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन संतुलित व सौम्य शैली में श्री एन.के. सिन्हा जी द्वारा किया गया। विचारों की अविरल धारा गुरुकार्य, यज्ञभाव व युगपरिवर्तन का आह्वान
डॉ. सी.एल. साहू जी ने अपने उद्बोधन में बताया कि 24 कुण्डीय महायज्ञ क्यों आवश्यक है तथा यह यज्ञ समाज में ऊर्जा, परिवर्तन और सकारात्मक चेतना का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा “यज्ञ केवल विधि नहीं, समाज उत्थान की प्रक्रिया है।”
पूर्व गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू जी ने गायत्री परिवार की कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा
“हम बदलेंगे तो युग बदलेगा। गायत्री परिवार जहां होता है, वहाँ सहयोग संग-साथ चलता है।”
पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू जी ने गुरु-निष्ठा, साधना और यज्ञ की महत्ता स्पष्ट करते हुए कहा
“गुरुदेव 99% कार्य स्वयं करते हैं, हमें बस पहला कदम बढ़ाना है।” इस भावपूर्ण संदेश ने समस्त उपस्थित जनमानस में प्रेरणा, विनम्रता और संकल्प की नई ज्योति जलाई। वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री के.के. विनोद जी के उत्साहभरे शब्दों ने सभा में ऊर्जा की तरंगें भर दीं। उनके विचारों ने कार्यकर्ताओं में सेवा, सौहार्द और गुरुकार्य के प्रति दृढ़ संकल्प जगाया। साथ ही ग्राम की सरपंच जी ने तन–मन–धन से सहयोग देने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामवासी इस ऐतिहासिक आयोजन को सफलता के शिखर तक पहुँचाने हेतु पूर्ण योगदान दें।







