पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से चिन्हित शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया।

ग्राम पंचायत सोनपुर के सरपंच डॉ. संतराम कुंभकार ने बताया कि कार्यक्रम में शहीद परिवारों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। जिलेभर से करीब 36 शहीद परिवारों का पता लगाकर उन्हें सम्मानपूर्वक कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। उनके आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई थी। साथ ही स्वल्पाहार के रूप में चाय-बिस्कुट और केला उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर बैठने के लिए कुर्सियों की भी पर्याप्त व्यवस्था रखी गई थी।

सरपंच डॉ. कुंभकार ने कहा कि शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका का निर्माण किया जाना सराहनीय पहल है। यह वाटिका आने वाली पीढ़ियों को देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की याद दिलाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शहीद परिवारों के परिजनों का सम्मान भी किया गया।







