अण्डा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम
पंचायत कुथरेल में गांव के विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जनपद पंचायत दुर्ग के सभापति लोमश चंद्राकर द्वारा 15वें वित्त जनपद पंचायत विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न गलियों में बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस विकास कार्य से गांव के कई मोहल्लों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत क्षेत्र में कई जगहों पर कच्ची सड़कें होने के कारण बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सीसी रोड निर्माण होने से इन समस्याओं का समाधान होगा और गांव की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सभापति लोमश चंद्राकर ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और गांव-गांव में सड़क, पानी, स्वच्छता तथा अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को मंजूरी दी जा रही है, ताकि हर क्षेत्र तक विकास पहुंच सके।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुथरेल की सरपंच गीता गजपाल, पंच टिकेश्वरी यादव सहित मोहल्ले के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की और गांव में हो रहे विकास कार्यों पर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा, जिससे उन्हें आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।







