GST 2.O India

जीएसटी की नई दरें नवरात्र के पहले दिन यानी आज से लागू हो रही हैं। अब जीएसटी के 5 फीसदी और 18 फीसदी के सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं। नई दरें लागू होने के साथ रसोई के सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां, कपड़े, मकान खरीदना-बनवाना, बीमा उत्पाद और एसी-टीवी जैसे कई उत्पाद सस्ते हो गए हैं। इसके अलावा, दूध के टेट्रापैक, रोटी, खाखरा, निजी स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा उत्पादों, पढ़ाई-लिखाई से जुड़ीं कुछ चीजों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। आम आदमी तक कर राहत पहुंचे, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें कड़ी निगरानी कर रही हैं।
जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर कोई टैक्स नहीं
व्यक्तिगत जीवन बीमा (टर्म, एंडोमेंट या अन्य पॉलिसी) और स्वास्थ्य बीमा पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। अगर आप सालाना 30 हजार रुपये प्रीमियम भरते हैं, तो अब 18% यानी 5,400 रुपये की बचत कर सकते हैं।
36 दवाओं पर शून्य कर, बाकी पर 5 फीसदी
कैंसर, आनुवंशिक व दुर्लभ और हृदय संबंधी बीमारियों से जुड़ीं 36 दवाएं टैक्स के दायरे से बाहर कर दी गई हैं। कुछ दवाओं पर पहले 12% जीएसटी था, अब 5% लगेगा।
फायदा न मिले तो यहां करें शिकायत
- अगर विक्रेता टैक्स में कमी का फायदा नहीं देता है, तो ग्राहक इसकी शिकायत कर सकते हैं। दोषी विक्रेताओं पर जुर्माने या जेल की सजा भी हो सकती है।
- नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन 1800-11-4000 व 1800-1200-232 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
निगरानी के लिए बनाई कमेटियां
सरकार ने पहली बार कंपनियों से बात कर टैक्स कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों को देने को कहा है। राज्यों ने निगरानी के लिए कमेटियां बनाई हैं। केंद्र और राज्य दोनों मिलकर नई कीमतों को पूरी तरह से लागू करने के लिए जुटे हैं।
पुराने स्टॉक पर भी राहत
सरकार ने स्पष्ट कहा है कि पुराने स्टॉक पर एमआरपी भले ही ज्यादा हो, लेकिन ये सामान भी नए रेट के हिसाब से ही मिलेंगे। दवाओं के लिए नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी ने कहा, दवा बनाने और बेचने वाली सभी कंपनियों को दवाओं, फॉर्मुलेशन और मेडिकल डिवाइसेज की एमआरपी अपडेट करनी होगी।
इन पर ज्यादा शुल्क
तंबाकू, पान मसाला, कार्बोनेटेड ड्रिंक व लग्जरी सामान जैसे बड़ी कारें, याट व निजी विमान पर 40% का विशेष टैक्स लगेगा।
32 इंच से अधिक स्क्रीन साइज वाले टीवी और सभी एसी पर अब 28% के बजाय 18% टैक्स लगेगा
एलजी, सोनी, पैनासोनिक ने 43 से 100 इंच स्क्रीन वाले टीवी के दाम 2,500 रुपये से 85,800 रुपये तक घटाए हैं। एसी पर भी 2,500 से लेकर 8 हजार से ज्यादा तक की बचत होगी।
वाहनों पर भारी फायदा…एसी-टेलीविजन पर भी बचत
दोपहिया से लेकर कार और ट्रैक्टर तक पर टैक्स घटा है। आम लोगों की पहुंच वाली ज्यादातर कारें सस्ती हो गई हैं। मारुति, टाटा, ह्यूंडई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, फॉक्सवैगन और हीरो जैसी कंपनियों ने कीमतों में भारी-भरकम कटौती की है। यह कीमतें कोरोना के पहले से भी सस्ती हो गई हैं।
नई दरों के प्रभावी होने से रोजमर्रा के उपयोग वाली वस्तुओं समेत 99 फीसदी सामान अब 5% के स्लैब में आ गए हैं। पहले इन पर 12% और 18% तक टैक्स लगता था। इसमें बटर, पनीर, मिठाइयां और नमकीन स्नैक्स शामिल हैं। बिस्किट, आइसक्रीम, साबुन और टूथपेस्ट जैसे कई उत्पादों पर भी 18% की जगह 5% टैक्स लगेगा। प्रॉक्टर एंड गैंबल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लॉरियल, आईटीसी, पीएंडजी, एचयूएल और ब्रिटानिया जैसी कंपनियों ने नई कीमतों की घोषणा की है।