Ipl2026.कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों के बड़े अंतर से हराया। गुजरात की आईपीएल में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने इसी सीजन में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराया था। इस जीत के साथ ही गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है और उसने प्लेऑफ के लिए अपना दावा बेहद मजबूत कर लिया है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में 86 रन पर ही ऑलआउट हो गई। हैदराबाद का आईपीएल में यह न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले, 2019 में टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ 96 रन पर ढेर हुई थी।

सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंचे
हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान पैट कमिंस ने बनाए जो 19 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके। गुजरात के लिए रबाडा और होल्डर ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को दो और मोहम्मद सिराज तथा राशिद खान को एक-एक विकेट मिला। दिलचस्प बात यह है कि गुजरात के लिए इस मैच में सभी गेंदबाजों को सफलता मिली।
प्लेऑफ की ओर बढ़ाए मजबूत कदम
- इस जीत के साथ ही गुजरात के 12 मैचों में आठ जीत और चार हार के साथ 16 अंक हो गए हैं।
- गुजरात टाइटंस की टीम तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
- दूसरे स्थान पर आरसीबी है और तीसरे स्थान पर सनराइजर्स है।
- आरसीबी और सनराइजर्स के एक समान 14 अंक हैं।
रबाडा ने हैदराबाद की पारी लड़खड़ाई
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। पहले सिराज ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे ट्रेविस हेड को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा, फिर कगिसो रबाडा ने लगातार विकेट लेकर हैदराबाद को उबरने का मौका ही नहीं दिया। रबाडा ने अभिषेक शर्मा (6), ईशान किशन (11) और समारन रविचंद्रन (9) को आउट किया। हैदराबाद ने पावरप्ले की समाप्ति तक छह ओवर में चार विकेट पर 34 रन बनाए थे।
नियमित अंतराल पर गुजरात ने दिए झटके
पावरप्ले के बाद भी हैदराबाद की स्थिति नहीं सुधरी और गुजरात ने नियमित अंतराल पर टीम को झटके दिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने सलिल अरोड़ा को आउट कर हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। सलिल और क्लासेन के बीच साझेदारी पनप रही थी, लेकिन प्रसिद्ध ने इसे तोड़ा। सलिल 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने क्लासेन के साथ 24 रन जोड़े। फिर जेसन होल्डर ने अपने ओवर में हैदराबाद को दो झटके दिए। होल्डर ने इस ओवर में पहले क्लासेन को आउट किया और फिर नीतीश रेड्डी को पवेलियन की राह दिखाई। क्लासेन 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन और नीतीश चार गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और शिवांग कुमार को पवेलियन की राह दिखाई। शिवांग छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात की खराब शुरुआत
इससे पहले, हैदराबाद ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले छह ओवर में दो विकेट गंवाए। कप्तान शुभमन गिल पांच और जोस बटलर सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद निशांत सिंद्धू और साई सुदर्शन के बीच तीसरे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन सिंद्धू भी 14 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन-वाशिंगटन के अर्धशतक
शुरुआती झटकों के बाद सुदर्शन और वाशिंगटन ने गुजरात की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। इस दौरान सुदर्शन ने 38 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। दबाव के बीच सुदर्शन और सुंदर ने काबिले तारीफ प्रदर्शन किया । साकिब हुसैन ने दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पहले सुदर्शन 44 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। फिर सुंदर अर्धशतक लगाने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। सुंदर 33 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात के लिए जेसन होल्डर नाबाद 11 और राहुल तेवतिया चार रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि पैट कमिंस को एक विकेट मिला।






