पाटन। शूरवीर महान प्रतापी राजगुरु धर्मगुरु बालक दास जी की जयंती के पावन अवसर पर पाटन में गुरु दर्शन एवं भव्य सतनाम संदेश कार्यक्रम का आयोजन 4 सितंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम सतनाम भवन पाटन में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक के रूप में युवाओं के प्रेरणा स्रोत , धर्म गुरु, गुरु सौरभ साहेब जी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर सतनामी समाज एवं अखिल भारतीय सतनाम सेना की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे परिक्षेत्र जामगांव आर., सेलूद, रानीतराई से सतनाम संदेश शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे गुरु सौरभ साहेब जी एवं सभी परिक्षेत्रों से पहुंची शोभायात्रा का पाटन आगमन एवं नगर भ्रमण होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे सतनाम भवन पाटन आगमन, जैतखाम पूजा और गुरु पूजा अर्चना पश्चात गुरु वाणी सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

दोपहर 3.30 बजे विभिन्न मंडलियों द्वारा भजन प्रस्तुति, 4.30 बजे विशेष सम्मान समारोह तथा शाम 6 बजे सतनाम प्रसादी एवं भोजन भंडारा आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न सतनाम भजन मंडलियों की विशेष प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रेष्ठ पंथी दल, झांकी, गुरु प्रतिमा एवं पोस्टर-बैनर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागी दलों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।






