प्लास्टिक मुक्ति का संदेश देने पाटन पहुंचे हरियाणा के हरबख्श सिंह,कहा…सिर्फ 2 BHK का घर नहीं, पूरा देश हमारा घर है,कृपया कृपया प्लास्टिक मुक्त रखें!!

पाटन।’स्वच्छ भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत’ का संदेश लेकर बाइक से पूरे देश के भ्रमण पर निकले हरियाणा के हरबख्श सिंह आज पाटन पहुंचे। पाटन पहुंचने पर प्रेस क्लब के सदस्यों ने उनका स्वागत किया और उनकी इस साहसिक व जन-जागरूकता से भरी राष्ट्रव्यापी यात्रा के लिए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान हरबख्श सिंह ने आम जनता से अपने पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा, “इंसान को केवल अपने 2 BHK के घर को ही स्वच्छ रखने से कुछ नहीं होगा। हमें पूरे भारत को अपना घर मानना होगा। हमारे देश की सभी नदियां, पहाड़ और तालाब भी हमारे घर का हिस्सा हैं, जिन्हें स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”


छत्तीसगढ़ की सुंदरता के कायल हुए हरबख्श


अपनी यात्रा के दौरान पिछले 10 दिनों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे हरबख्श सिंह यहां की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के कायल हो गए हैं। छत्तीसगढ़ के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य बेहद खूबसूरत है। उन्होंने जशपुर में स्थानीय हस्तशिल्प (क्राफ्ट) को बेहद करीब से देखा और वहां हाथियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जमकर तारीफ की।उन्होंने यहाँ बालिकाओं को सायकल स्कूल जाते देखा और कहा कि लड़कियों की पढ़ाई पर भी यहाँ कार्य हो रहा है जो महत्वपूर्ण है।

पाटन के वेटलैंड और पक्षियों ने मोहा मन


पाटन पहुंचने पर हरबख्श सिंह ने यहां के प्रसिद्ध वेटलैंड (जलग्रहण क्षेत्र) का दौरा किया। उन्होंने यहां पक्षी विशेषज्ञ राजू वर्मा के साथ प्रवासी और स्थानीय पक्षियों को बहुत करीब से देखा और पाटन के इस प्राकृतिक ईको-सिस्टम की सराहना की। इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों के साथ उन्होंने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। अपनी इस अनूठी बाइक यात्रा के जरिए वे लगातार लोगों को प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और जलस्रोतों को बचाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।