मैनपुर ।गरियाबंद जिले में पिछले करीब 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ विकास कार्यों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। उदंती नदी में आई बाढ़ के तेज बहाव की चपेट में आकर ओडिशा सरकार की ओर से लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल गुरुवार को भरभराकर ढह गया। पुल के ढहने से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बनने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग प्रभावित हो गया है।

जानकारी के अनुसार यह पुल मैनपुर ब्लॉक के जिडार, कुल्हाघाट, ग्राम पंचायत इन्दागांव के आश्रित ग्राम अमलीगांव सहित सीमावर्ती गांवों को ओडिशा से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया जा रहा था। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उदंती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी के प्रचंड बहाव और पानी के दबाव को निर्माणाधीन पुल सहन नहीं कर सका और उसका एक बड़ा हिस्सा देखते ही देखते नदी में समा गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पुल ढहने का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज बहाव के बीच पुल का हिस्सा अचानक ढहता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।

हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पुल के ढहने से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी बेहतर आवागमन की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। प्रशासन ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है तथा नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।







