पण्डरिया।राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत, छत्तीसगढ़ द्वारा दिनांक 15.07.2026 को रायपुर के विमतारा भवन में आयोजित “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह–2026” में देशभर के 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी, प्रधान संपादक, हरिभूमि समूह एवं आईएनएच न्यूज़, अध्यक्षता श्री संजय अग्रवाल (संस्थापक, एन.आर. स्टील, रायगढ़), विशिष्ट अतिथि डॉ. चितरंजन कर (राजभाषा हिंदी सलाहकार, रेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा डॉ. पूर्णानंद मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इसी अवसर पर कबीरधाम जिले के पण्डरिया विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला केशलीगोड़ान के प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचार, बालिका शिक्षा को बढ़ावा, गतिविधि-आधारित शिक्षण, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यालय विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।







