पंडरिया।शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास की जांच की गई।

डॉ. भावना साहू (एएमओ) ने बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए उबला एवं स्वच्छ पानी पीने, नाखून नियमित काटने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत आवश्यकता अनुसार संबंधित विद्यार्थियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य भी विद्यालय की प्राथमिकता है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार संभव हो पाता है। प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे शिविरों को बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे, शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर, लैब टेक्नीशियन वेद चंद्राकर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता कुम्हारिन सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर चिरायु टीम ने विद्यालय परिवार की सराहना की।






