पाटन में विकासखण्ड स्तरीय स्वस्थ पंचायत सम्मेलन में स्वास्थ्य–स्वच्छता व पोषण पर मंथन, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने दिया सशक्त संदेश


पाटन।
ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति द्वारा मंडी प्रांगण पाटन में विकासखण्ड स्तरीय “स्वस्थ पंचायत सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ पंचायत की अवधारणा तभी साकार हो सकती है, जब गांव स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने, कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया।
श्रीमती नायक ने कहा कि पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों द्वारा कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय उपयोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार के महत्व पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायतों को स्वस्थ, स्वच्छ एवं कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन का समापन किया गया।