ग्राम पंचायत जमराव में स्वास्थ्य मेले का आयोजन, ग्रामीणों को मिली विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाएं


पाटन। दिनांक 28 अक्टूबर 2026, दिन बुधवार को ग्राम पंचायत जमराव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र खुड़मुड़ा के तत्वावधान में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।
स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों के लिए ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर जांच, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, टीबी की जांच तथा छाती का एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही गर्भवती माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की सुविधा भी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
इस स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जे.आर. मारकंडे (सुपरवाइजर), भूपेंद्र कुमार साहू (एक्स-रे टेक्नीशियन), वीरेंद्र सिंह (आरएचओ), चितरंजन सोनकर, नरेंद्र वर्मा, पुरन दीवान, जगदीश साहू, ललिता मानिकपुरी (आरएचओ) एवं देवकी देवांगन (सीएचओ) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, मितानिन संगीता नन्हारे, उमा निषाद एवं पार्वती निषाद ने भी स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग दिया।
कार्यक्रम में श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर, सरपंच ग्राम पंचायत जमराव एवं विष्णु प्रसाद बंजारे, पंचायत सचिव एवं पंचगण उपस्थित रहे
स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीणों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, समय पर जांच कराने तथा गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर उचित उपचार लेने का संदेश दिया गया। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।