दुर्ग। जिले में शनिवार शाम को तेज हवा, आंधी और बारिश के कारण दुर्ग-धमधा मार्ग पर कोडिया के पास कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क किनारे स्थित एक बड़ा पेड़ तेज तूफान के चलते सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

इसी दौरान पेड़ गिरने वाली जगह के पास दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी अश्वनी टंडन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खराब मौसम और सड़क पर गिरे पेड़ के कारण मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। बाद में स्थानीय लोगों और संबंधित विभाग की मदद से मार्ग को सुचारू कराया गया।
गौरतलब है कि समाजसेवी अश्वनी टंडन सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की सहायता कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए क्षेत्र में पहचान रखते हैं। उनके इस सराहनीय कार्य को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के समय उनकी तत्परता और मानवता की भावना की प्रशंसा की।






