शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में प्रवेश मार्गदर्शन हेतु हेल्प डेस्क, शाकाहार पर परिचर्चा एवं शॉर्ट रील प्रस्तुतीकरण


पाटन। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु हेल्प डेस्क एवं काउंसलिंग यूनिट की स्थापना की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के नियमों, प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन तथा परीक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करना है।
विद्यार्थियों एवं पालकों को प्रवेश संबंधी किसी भी समस्या के समाधान में सहयोग प्रदान करने हेतु सभी प्राध्यापकगण अपने-अपने संकायों में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। विद्यार्थी किसी भी प्रकार के संदेह या समस्या के समाधान हेतु हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि तथा ड्रॉपआउट कम करने के उद्देश्य से इस सहायता डेस्क की स्थापना सुनिश्चित की है।
समिति में विज्ञान संकाय से मनीष साहू, कला संकाय से प्रियम वैष्णव तथा वाणिज्य संकाय से चेतना सोनी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इसी अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत “रिच वेगन” कार्यक्रम के माध्यम से शाकाहार अपनाने के लाभों पर परिचर्चा आयोजित की गई। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक शाकाहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा बताया गया कि इससे स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और अहिंसा को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा शाकाहार विषय पर शॉर्ट रील बनाकर प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसमें उन्होंने शाकाहार के महत्व को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
परिचर्चा में बीएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कुमारी श्वेता मारकंडे को प्रथम एवं कुमारी शालिनी को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया। दोनों छात्राओं ने पृथ्वी पर उपलब्ध शाकाहारी संसाधनों पर अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने भी शाकाहार के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।