पंडरिया-नगर का हरिनाला शुक्रवार को भी लगातार चौथे दिन तथा सीजन के छठवा दिन उफान पर रहा।जिसके कारण ब्लाक का अधिकांश हिस्सा पिछले चार दिनों से कवर्धा जिला मुख्यालय से कटा हुआ है।हरिनाला में बाढ़ की स्थिति स्थायी रूप से बना हुआ है।सड़क में करीब 5 वर्ग फिट गड्ढा जानलेवा बना हुआ है।जिसके कारण चार पहिया वाहनों का आना-जाना बंद कर दिया गया है। दो पहिया वाहन रिस्क लेकर नाला पार कर रहे हैं।बरसात भी लगातार जारी है,जिसके कारण अभी बाढ़ से निजात मिलने के आसार नहीं दिख रहा है।नगरवासी नगर से नहीं निकल पा रहे हैं।वहीं कवर्धा व बिलासपुर के लिए बसें नगर नहीं आ रही है।अधिकतर यात्री बसें कुंडा -फास्टरपुर होकर चल रहे हैं।जिसके चलते यात्री दिन भर भटकते नजर आते हैं।
परीक्षा स्थगित-नगर के आत्मानंद व सरस्वती शिशु मंदिर में चल रहे त्रैमासिक परीक्षा को स्थगित किया गया है।प्राचार्य गीताराम साहू ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़ के कारण स्थगित किया गया है।उन्होंने बताया कि करीब तीस बच्चे नाले के पार अन्य गांव से आते हैं।इसी प्रकार बिसेशरा स्थित सनराइज स्कूल में पिछले पांच दिन से अवकाश चल रहा है।संस्था के प्राचार्य डीके गिरी ने बताया कि 70 प्रतिशत बच्चे नगर से आते हैं।जो नाले में बाढ़ के चलते नहीं आ पा रहे हैं।विद्यालय में अघोषित अवकाश चल रहा है।
सब्जी के लिए पांडातराई जाने मजबूर-नगर के देव कालोनी,बिशेषरा सहित नगर के समीप स्थित गांव के लोग पिछले पांच दिनों से सब्जी सहित अन्य आवश्यक सामग्री के लिए नगर नहीं आ रहे हैं।जिसके कारण उन्हें 10 किलोमीटर पांडातराई जाना पड़ रहा है।
स्कूली बच्चे भी पार करते हैं नाला-नाले के पार स्थित ग्राम मोतिमपुर के बच्चे नगर के विद्यालय में पढ़ते हैं।जो बाढ़ होने पर भी विद्यालय आ रहे हैं।तथा बाढ़ की स्थिति में भी नाले को पार करते हैं।जिससे कभी भी दुर्घटना घट सकती है।







