रंग पंचमी के अवसर पर नेवनारा में किया गया होली मिलन समारोह का आयोजन,उड़े शब्दों के अबीर गुलाल

बेरला/भिंभौरी ।सुग्घर साहित्य समिति बेरला के संयोजन में शनिवार को रंग पंचमी के पावन अवसर पर, होली मिलन समारोह का आयोजन रखा गया था। जहांँ सुग्घर साहित्य समिति के संयोजन में होने वाले सुग्घर साहित्य महोत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की गयी। आयोजन सबंधित व्यवस्था, समय, स्थान, अतिथि सम्मान, साहित्यिक परिचर्चा, उद्बोधन, कविता पाठ आदि को लेकर जवाबदारी सहित कई आवश्यक निर्णय भी लिए गए। आय – व्यय पर भी चर्चा की गयी।

जिसके पश्चात शब्दों के अबीर ग़ुलाल की कड़ी प्रारम्भ हुई। जहांँ ग्राम – नेवनारा निवासी गीतकार जगन्नाथ तिवारी ने अपने गाँव के प्रति प्रेम को दर्शाते हुए नेवनारा महान नामक शानदार रचना से सबका मन मोह लिया। बेरला से पधारे हृदय विश्वकर्मा ने अपनी रचना से सबको भाव विभोर कर दिया। छंदकार लिलेश्वर देवांगन ने होली पर पंक्तियाँ पढ़ी। लोकगायक दिलीप टिकरिहा छत्तीसगढ़िया ने लोकभाषा छत्तीसगढ़ी में शानदार होली गीत से खूब तालियाँ बटोरी। समीक्षक दीपक निषाद ने हास्य प्रस्तुत कर सबको गदगद कर दिया। कवि कमलेश वर्मा ने बसंत पर रचना प्रस्तुत कर समांँ बांधा। गीतकार नारायण वर्मा ने कुछ ही पंक्तियों से सबका दिल जीत लिया। होली मिलन का सम्पूर्ण संचालन व्यंग्यात्मक शैली मे व्यंग्यकार विकास कश्यप के द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे कोषाध्यक्ष जगदीश सोनी, हास्य कवि रामहृदय वर्मा,आकाशवाणी उद्घोषक ताकेश्वर साहू,कुसमी नगर से गीतकार नरेन्द्र साहू, गीतकार मूलचंद साहू आदि मौजूद रहे।