हेमचंद यादव विवि द्वारा सम्मान समारोह कल,विश्वविद्यालय करेगा 38 खिलाड़ियों का सम्मान

दुर्ग। राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व राष्ट्रीय युवा उत्सव में पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित व पुरस्कृत करने के लिए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (डीयू) 18 जुलाई को एक समारोह आयोजित कर रहा है। सहायक कुलसचिव दिग्विजय कुमार ने बताया कि यह समारोह कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-सात भिलाई नगर के सभागार में दोपहर 12.30 बजे से आयोजित होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल होंगे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय उपस्थित रहेंगे। यह समारोह कुलपति डा. अरुणा पल्टा की अध्यक्षता में संपन्न होगा। कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप ने बताया कि सत्र 2023-24 में संपन्न विभिन्न स्तर के खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 38 खिलाड़ियों को नगद राशि, प्रमाण-पत्र व मेडल प्रदान किया जाना है।

खेल प्रतियोगिताओं में प्रमुख रूप से दक्षिण पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीन फुटबाल, पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीन हैंडबाल, अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन पावर लिफ्टिंग, अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिताएं शामिल थे। जिसमें पुरुष टीम ने द्वितीय स्थान, महिला टीम ने द्वितीय स्थान, महिला वर्ग में तृतीय स्थान व महिला वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। सहायक कुलसचिव हिमांशु शेखर मंडावी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव में आन द स्पाट पेंटिंग में तृतीय स्थान व कोलाज मेकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी अभिषेक शर्मा को भी सम्मानित किया जाएगा।