छत्तीसगढ़ की पदकवीर बिटिया का सम्मान : ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री ने साय ने आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति देने की घोषणा

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को सीएम विष्णुदेव साय ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति देने की घोषणा की।

रायपुर।ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। सीएम विष्णुदेव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

ज्ञानेश्वरी की सफलता राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा 
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उनकी ज्ञानेश्वरी से मुलाकात हुई थी और उन्होंने उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए भी उन्हें बधाई दी थी। 

मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करें।

ज्ञानेश्वरी यादव विश्व मंच पर छत्तीसगढ़ को दिलाएंगी नई पहचान
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का प्रमुख आधार है।