भीषण हादसा : ट्रक और क्रेटा के बीच जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन घायल

राजधानी रायपुर के खरोरा में आज दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां ट्रक और क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

रायपुर।जानकारी के मुताबिक, यह हादसा खरोरा थाना क्षेत्र में रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर हुआ है। इस हादसे में शिवम साहू की मौत हुई है। वहीं ओमप्रकाश साहू, संजय साहू और रामेश्वर केंवट घायल हुए हैं।

नींद की झपकी बनी काल
मिली जानकारी के मुताबिक, क्रेटा कार में सवार होकर चार लोग—ओमप्रकाश साहू, संजय साहू, शिवम साहू और रामेश्वर केंवट—भटगांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंगोली चौक के पास सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार को रौंदने के बाद ट्रक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।

एक की मौत, तीन अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में कार सवार चारों लोग लहूलुहान हो गए। इनमें से शिवम साहू को बेहद गंभीर चोटें आईं, जिसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में उसकी चिकित्सकीय पुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की विवेचना कर रहे पुलिस अधिकारी परशुराम साहू ने बताया कि तीनों घायलों (ओमप्रकाश, संजय और रामेश्वर) को तुरंत इलाज के लिए खरोरा के श्रीकृष्णा अस्पताल भिजवाया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।